25 जुलाई को देहरादून में होगी ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 23 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 26 जुलाई को मनाए जाने वाले शौर्य दिवस से एक दिन पहले, 25 जुलाई (शनिवार) को देहरादून में ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित इस रन में ओपन पुरुष एवं महिला वर्ग, विद्यालय और महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, शहीद आश्रित, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक भाग लेंगे। पंजीकरण के दौरान प्रतिभागियों को ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ की टी-शर्ट और कैप भी वितरित की जाएगी।
कार्यक्रम के तहत सुबह 7 बजे शौर्य स्थल, चीड़बाग में पंजीकरण होगा। सुबह 7:45 बजे कारगिल शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी और सुबह 8 बजे मुख्य अतिथि हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना करेंगे। रन शौर्य स्थल, चीड़बाग से राजपुर रोड होते हुए गांधी पार्क तक पहुंचेगी, जहां सुबह 9:30 बजे इसका समापन होगा।
दौड़ की विभिन्न श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 26 जुलाई को आयोजित शौर्य दिवस के मुख्य समारोह में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने पुलिस और यातायात विभाग को सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी को नोडल अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी को प्रभारी अधिकारी तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी को ओवरऑल नोडल अधिकारी बनाया गया है।

जिला प्रशासन ने पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, युवा संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।

Leave a Comment

और पढ़ें