विकसित भारत विषय पर तीन दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम का समापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 23 जुलाई। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चकराता के चिल्ड्रन्स पार्क में आयोजित ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषयक तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। कार्यक्रम के माध्यम से चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रतियोगिताओं, जनजागरूकता गतिविधियों और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के जरिए विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया गया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे स्वयं उनका लाभ उठा सकें और समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैंट इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाषण, चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित विकसित भारत विषयक चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। दूसरे दिन जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई, जबकि योग, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। समापन दिवस पर कैंट इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने जौनसारी लोकनृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति की रंगत भी बिखेरी।दूसरे दिन मुख्य अतिथि एवं जौनसार पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मृदुला थापा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनमें जागरूकता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग, बाल विकास विभाग और अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने अपनी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
समापन समारोह में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। जौनसार पब्लिक स्कूल के जूनियर वर्ग में नमस्वी तोमर, अर्पित रंजन और एना तोमर तथा सीनियर वर्ग में शम्भवी, अरैना चांदना और ईशांत नेगी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कैंट इंटर कॉलेज में विकसित भारत विषयक चित्रकला प्रतियोगिता में नाव्या, प्रिन्सी और कृष तथा भाषण प्रतियोगिता में गरिमा, आराध्य तोमर और सोनाक्षी वर्मा ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेताओं को मुख्य अतिथि अनिल चांदना ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

Leave a Comment

और पढ़ें