मुख्यमंत्री धामी ने श्रमिकों के लिए नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 23 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत दो मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है और उनका जीवन सुरक्षित, स्वस्थ तथा समृद्ध बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पोषण योजना, मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना, मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि योग एवं वेलनेस योजना के तहत हर वर्ष 210 बच्चों को आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में श्रमिकों को उनके कार्यस्थल और आवास स्थल पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वैन में एक्स-रे, ईसीजी समेत 44 प्रकार की जांचें निःशुल्क होंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और तीन महीने तक स्वास्थ्य की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इसकी शुरुआत पौड़ी और चम्पावत से की गई है, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में विस्तारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “श्रमेव जयते” के मंत्र से प्रेरित होकर राज्य सरकार श्रमिकों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व, बेटियों के विवाह, आवास निर्माण, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन तथा वृद्ध श्रमिकों को मासिक पेंशन जैसी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें निरंतर मिलता रहे। कार्यक्रम में श्रमायुक्त एवं बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की गतिविधियों और नई योजनाओं की जानकारी दी।

Leave a Comment

और पढ़ें