
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जन समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित और सुशासन के सिद्धांत पर कार्य कर रही है तथा जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करें और शिकायतकर्ता को समाधान की प्रगति से भी अवगत कराएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार का दायित्व है। सभी अधिकारी जनसेवा की भावना के साथ कार्य करें और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने दें।
मुख्यमंत्री ने आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को निर्देश दिए कि प्राप्त जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। जिन मामलों का निस्तारण जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें तत्काल हल किया जाए, जबकि उच्च स्तर पर निर्णय वाले मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र भेजा जाए।
उन्होंने जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय और राहत मिलनी चाहिए।









