मुख्यमंत्री ने जागेश्वर धाम में श्रावणी मेले का शुभारंभ किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अल्मोड़ा 16 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रावणी मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की तथा हरेला पर्व पर प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत राज्य की सबसे बड़ी धरोहर है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का प्रतीक है तथा सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत करीब 147 करोड़ रुपये की लागत से धाम का सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। परियोजना में मंदिर की प्राचीन गरिमा को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन, स्थानीय रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर धाम आगमन के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पिछले दो महीनों में चार लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र के साथ धार्मिक पर्यटन, आधारभूत ढांचे, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर.एस. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें