
देहरादून 10 अप्रैल।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर राज्य में इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिससे पारदर्शिता, सटीकता और जनभागीदारी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत को डिजिटल युग में एक मजबूत कदम आगे बढ़ाने वाली है।उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 का पहला चरण ‘हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना है जिसके तहत आवासीय स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और घरेलू विवरणों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जा रही है। इस बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा भी दी गई है, जिसके माध्यम से वे ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े राज्य और देश की विकास नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी शुद्धता अत्यंत आवश्यक है।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर अपने परिवार की सही और पूर्ण जानकारी दर्ज करें और इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान एकत्रित आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।इस अवसर पर गीता धामी निदेशक जनगणना संचालन ईवा श्रीवास्तव तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








