अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल की एडीजी कानून व्यवस्था से मुलाकात की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 30 दिसम्बर। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में उत्तराखण्ड के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) वी. मुरूगेशन से मुलाकात कर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर ज्ञापन सौंपा और विस्तृत स्पष्टीकरण की मांग की।

एडीजी कानून व्यवस्था को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हाल ही में भाजपा के पूर्व विधायक की पत्नी द्वारा सोशल मीडिया पर जारी एक कथित बातचीत ने पूरे प्रकरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बातचीत में पूर्व विधायक द्वारा कथित वीआईपी के रूप में दुष्यन्त कुमार गौतम उर्फ गट्टू का नाम लिए जाने का दावा किया गया है। इसके बाद पुलिस एवं सरकार की ओर से जारी स्पष्टीकरण को कांग्रेस ने अपर्याप्त बताते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में किसी न किसी प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका अवश्य रही है, जिसकी इच्छापूर्ति न होने पर अंकिता की निर्ममता से हत्या की गई।

कांग्रेस ने ज्ञापन में कई सवाल उठाए, जिनमें अंकिता का शव मिलने के बाद वनन्तरा रिसॉर्ट पर बुल्डोजर चलाने के आदेश, एसआईटी जांच में इससे जुड़े तथ्यों, मुख्यमंत्री द्वारा रिसॉर्ट ध्वस्तीकरण स्वीकार किए जाने की भूमिका, व्हाट्सएप चैट में वीआईपी दबाव के उल्लेख की जांच, सीबीआई जांच का सरकार द्वारा विरोध, भाजपा विधायक रेणु बिष्ट की कथित भूमिका, पटवारी पर लगाए गए धमकी के आरोपों और सबूत नष्ट किए जाने के मामलों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग शामिल है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस हत्याकांड से जुड़े अनेक प्रश्न आज भी अनुत्तरित हैं, जिससे जनता में संदेह बना हुआ है। उन्होंने मांग की कि एसआईटी द्वारा की गई जांच को इन सभी बिंदुओं के आलोक में सार्वजनिक किया जाए, ताकि प्रदेश की जनता को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके और कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, कर्नल रामरतन नेगी, विरेन्द्र पोखरियाल, सुरेन्द्र रांगड़, अभिनव थापर, नीरज त्यागी, कमल रावत, विजय पाल रावत, डॉ. प्रतिमा सिंह, गरिमा दसौनी, राजेश चमोली, डॉ. प्रदीप जोशी, महेन्द्र सिंह नेगी, मदन लाल, अमेन्द्र बिष्ट, मधुसूदन सुन्द्रियाल, बब्बन सती, टीटू त्यागी, विजय गुसाईं, गुल मोहम्मद, हुकम सिंह कठैत, सुलेमान अली, अनिल नेगी, राजेन्द्र दानू, यशपाल चौहान सहित अनेक नेता शामिल थे ।

Leave a Comment

और पढ़ें