देहरादून 30 दिसंबर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जी.एम.एस रोड, देहरादून में स्व. उमेश अग्रवाल की 66वीं जयंती के अवसर पर आयोजित मातृ-पितृ भक्ति दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय उमेश अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन संगठन, समाज और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उमेश अग्रवाल ने देहरादून में भाजपा के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने जनसेवा और विकास को हमेशा अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के कार्यकारी अध्यक्ष तथा दून उद्योग व्यापार मंडल के संरक्षक के रूप में उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठजन न केवल परिवार के संरक्षक होते हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के जीवंत वाहक भी होते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 1500 रुपये की पेंशन प्रदान की जा रही है, जिससे राज्य के लगभग 6 लाख वृद्धजन लाभान्वित हो रहे हैं। इस योजना में पात्र पति और पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही राज्य में पहली बार वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल के लिए मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसमें करीब 20 मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रत्येक जनपद में कम से कम 50 मास्टर ट्रेनर और 150 जेरियाट्रिक केयर गिवर तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा प्रदान कर रही है, जिसके अंतर्गत इस वर्ष 1300 वरिष्ठ नागरिकों की मुफ्त सर्जरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बदलते समय में रिश्तों से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम भी लागू किया गया है, जिससे बुजुर्गों को अपने बच्चों या कानूनी उत्तराधिकारियों से भरण-पोषण की मांग करने का कानूनी अधिकार मिला है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, विधायक सविता कपूर, खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




