28 हजार से अधिक किसानों को मिला फसल बीमा का लाभ
देवभूमि की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को डाक टिकट श्रृंखला में मिली नई उड़ान
देहरादून 9 नवंबर ।
उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह के अवसर पर रविवार को देहरादून पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एफआरआई परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य को एक और अनमोल उपहार दिया। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड डाक परिमंडल द्वारा तैयार की गई विशेष डाक टिकट श्रृंखला का विमोचन किया, जिसमें प्रदेश के प्रमुख तीर्थ स्थलों, सांस्कृतिक प्रतीकों और प्राकृतिक धरोहरों को दर्शाया गया है।
इस विशेष श्रृंखला के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान देने का प्रयास किया गया है। प्रधानमंत्री ने डाक टिकट के विमोचन के दौरान राज्य के अतीत, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड आज विकास के साथ अपनी संस्कृति को भी सहेज रहा है।
इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राज्य के 28 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹62 करोड़ से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से जारी की। उन्होंने कहा कि यह राशि किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और फसल क्षति से सुरक्षा प्रदान करेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूती देगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ पर आधारित एक विशेष प्रतीक चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड 2047 के विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री के इस दोहरे उपहार — डाक टिकट श्रृंखला का विमोचन और किसानों को राहत राशि वितरण — ने रजत जयंती पर्व को उत्तराखंड के लिए यादगार ऐतिहासिक अवसर बना दिया।








