
पिथौरागढ़। हरेला सप्ताह के तहत 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ ने शनिवार को चंडाक के निकट गुनसेरा गांव और बुंगाचीना के अगनिया गांव में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान दोनों स्थानों पर कुल 20 हजार पौधे रोपे गए।
अभियान में बटालियन के अधिकारियों और जवानों के साथ स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण किया।
बटालियन ने बताया कि यह अभियान हरेला सप्ताह के तहत चलाए जा रहे व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का हिस्सा है। पूरे सप्ताह में 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाना, मृदा संरक्षण को बढ़ावा देना, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और जनभागीदारी के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है।
बटालियन ने स्थानीय नागरिकों, विद्यालयों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है।हरेला सप्ताह के तहत वृक्षारोपण अभियान 16 जुलाई को हरेला पर्व तक लगातार जारी रहेगा।








