
प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षकों को आपदा प्रबंधन के संस्थागत ढांचे और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र की दी जानकारी
देहरादून 30 सितंबर। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) में वर्ष 2024 और 2026 बैच के प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षकों को राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था, संस्थागत ढांचे और आपदा के विभिन्न चरणों में पुलिस की भूमिका की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण, तैयारी, प्रतिवादन, राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण की प्रक्रियाओं से अवगत कराया गया।
अधिकारियों को आपदा प्रबंधन विभाग की कार्यप्रणाली, इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस), चेतावनी प्रसारण तंत्र, आपदा पूर्व तैयारी और आपदा के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की भूमिका तथा नीतिगत दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन के बारे में बताया गया। प्रशिक्षु अधिकारियों ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) की कार्यप्रणाली को भी समझा।
कार्यक्रम में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र ने कहा कि आपदा प्रबंधन के प्रत्येक चरण में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण और संवेदनशील होती है। आपदा की स्थिति में पुलिस प्रमुख एजेंसियों में शामिल होती है, जो सबसे पहले मौके पर पहुंचकर कानून-व्यवस्था के साथ मानव जीवन की सुरक्षा, राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करती है।
उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित पहुंच, सुरक्षित निकासी, भीड़ और यातायात प्रबंधन, राहत सामग्री के वितरण में सहयोग, संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा, अफवाहों पर नियंत्रण और सही सूचना का संप्रेषण पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारियां हैं। प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, स्वास्थ्य, अग्निशमन, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करना भी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है।
अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन एवं डीआईजी राजकुमार नेगी ने कहा कि प्रशिक्षु अधिकारियों को भविष्य में आपदा प्रबंधन से जुड़ी रणनीतिक और नेतृत्वकारी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। उन्होंने कहा कि आपदा के समय समर्पण, मानवीय संवेदनशीलता, अनुशासन और त्वरित निर्णय क्षमता प्रभावी कार्रवाई की कुंजी है। ऐसे अभिमुखीकरण कार्यक्रम प्रशिक्षु अधिकारियों को आपदा प्रबंधन की व्यावहारिक समझ देने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, डॉ. पीडी माथुर सहित प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक दक्ष शोखंद, लव शर्मा, अदिति पुनेठा, हिमांशु दिवाकर, आदित्य तिवारी, दिव्येश उपाध्याय, अंकित थपलियाल, समीरण भट्ट, विनय सिंह, दीप्ति कैड़ा और तनुजा बिष्ट उपस्थित रहे।









