विभिन्न राज्यों की संस्कृति और नवाचार से सीखें उत्तराखंड के युवा: धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 29 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में हरियाणा भ्रमण पर जा रहे उत्तराखंड के युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराज्यीय भ्रमण युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, जीवनशैली, विकास कार्यों और नवाचारों को करीब से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा दूसरे राज्यों में जाकर वहां की संस्कृति, स्थानीय विशेषताओं और विकास की अच्छी कार्यप्रणालियों को समझें और उपयोगी अनुभवों को उत्तराखंड के संदर्भ में साझा करें। इसी तरह अन्य राज्यों के युवाओं को भी उत्तराखंड की संस्कृति, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से परिचित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान की भावना समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं को सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने की है। विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान इस दिशा में प्रभावी माध्यम बन सकता है।

धामी ने हरियाणा जाने वाले युवाओं से वहां की संस्कृति, इतिहास, खान-पान, खेल परंपरा, कृषि और स्थानीय जीवनशैली को करीब से जानने का आह्वान किया। उन्होंने स्थानीय युवाओं, खिलाड़ियों, किसानों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे लोगों से संवाद कर उनके अनुभवों को समझने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा जब दूसरे राज्यों में जाएं तो देवभूमि की समृद्ध संस्कृति, लोकपर्व, खान-पान, पर्यटन स्थलों, होम स्टे, स्थानीय उत्पादों, मोटे अनाज और हस्तशिल्प की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि चारधाम के साथ आदि कैलाश, जागेश्वर, कैंची धाम, शीतकालीन पर्यटन और साहसिक पर्यटन सहित राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों की जानकारी देशभर में पहुंचाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को भी दूसरे राज्यों तक पहुंचाने में युवा सेतु का काम कर सकते हैं। ऐसे कार्यक्रम केवल भ्रमण तक सीमित न रहकर विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच संस्कृति, अनुभव और विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम बनने चाहिए। इससे युवाओं को देश की विविधता समझने और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे अच्छे कार्यों से सीखने का अवसर मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें