
देहरादून। सहसपुर में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के त्वरित निर्देशों पर एक महिला को उसी शाम सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई।
शिविर के दौरान स्थानीय निवासी श्रीमती बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि वह जूट बैग बनाकर स्वरोजगार शुरू करना चाहती हैं, लेकिन सिलाई मशीन नहीं होने से काम शुरू नहीं कर पा रही हैं। मुख्यमंत्री ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सिलाई मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी के समन्वय से शाम तक ही बबली गुप्ता को सिलाई मशीन उपलब्ध करा दी गई। इससे उन्हें जूट बैग निर्माण के माध्यम से आजीविका सुदृढ़ करने और स्वरोजगार से जुड़ने में मदद मिलेगी।
सिलाई मशीन मिलने पर बबली गुप्ता ने मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की त्वरित कार्रवाई से उनके स्वरोजगार का सपना पूरा होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।







