सीईई परिणाम जारी, 25 जुलाई से रानीखेत में होगी सेना भर्ती की शारीरिक परीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून/अल्मोड़ा, 12 जुलाई। भारतीय सेना भर्ती कार्यालय, अल्मोड़ा ने भर्ती वर्ष 2027 के अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। सेना भर्ती के तहत आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का परिणाम घोषित कर दिया गया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

भर्ती कार्यालय के अनुसार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के केंद्रीय श्रेणी (रिलिजियस टीचर, जेसीओ कैटरिंग, एजुकेशन हवलदार और हवलदार सर्वेयर ऑटो) तथा जोनल श्रेणी (सिपाही फार्मा और नर्सिंग असिस्टेंट) के अभ्यर्थियों के साथ ही उत्तराखंड के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के अग्निवीर अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PFT) 25 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। इसी दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन भी होगा।
भर्ती कार्यालय ने बताया कि पहले दो दिन केंद्रीय और जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए तथा शेष दिन अग्निवीर श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
अभ्यर्थियों को रैली में मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन प्रतियां और तीन माह से अधिक पुराने न होने वाले 20 पासपोर्ट आकार के फोटो लाना अनिवार्य होगा। प्रवेश के लिए रैली एडमिट कार्ड, आधार कार्ड एवं आधार से लिंक मोबाइल नंबर, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, स्थायी निवास प्रमाणपत्र, अविवाहित प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र तथा एक वर्ष के भीतर का ऑनलाइन पुलिस सत्यापन अनिवार्य होगा।
भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि अग्निवीर श्रेणी के कुमाऊँनी जाति के अभ्यर्थियों के जाति प्रमाणपत्र में संबंधित जाति का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए। नकली दस्तावेज प्रस्तुत करने वाले अभ्यर्थियों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई करते हुए उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से भर्ती अधिसूचना का भलीभांति अध्ययन करने और शारीरिक परीक्षा की तैयारी जारी रखने की अपील की है। किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के मोबाइल 9458168520 तथा लैंडलाइन 05962-297192 और 05962-298449 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें