
वास्तुकला, इंटीरियर और निर्माण क्षेत्र से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन, 4 अक्टूबर तक चलेगी प्रदर्शनी
देहरादून 2 अक्टूबर। परेड ग्राउंड में तीन दिवसीय आर्किटेक्स-द आर्किटेक्चरल एक्सपो शुरू हो गया। 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में वास्तुकला, आंतरिक एवं बाहरी सज्जा, भवन निर्माण सामग्री और निर्माण उद्योग से जुड़े प्रमुख ब्रांड, निर्माता, विशेषज्ञ और पेशेवर एक मंच पर जुटे हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रदर्शनी का उद्देश्य वास्तुकारों, इंटीरियर डिजाइनरों, अभियंताओं, बिल्डरों, डेवलपरों, ठेकेदारों, डीलरों और आम उपभोक्ताओं को नवीनतम उत्पादों, तकनीकों और डिजाइन समाधानों से जोड़ना है। यहां टाइल्स एवं सिरेमिक, मार्बल एवं प्राकृतिक पत्थर, बाथ एवं सैनिटरी, दरवाजे एवं खिड़कियां, एल्युमिनियम एवं पीवीसी सिस्टम, ग्लास एवं रेलिंग, फ्लोरिंग, पेंट एवं कोटिंग, वास्तुकला प्रकाश व्यवस्था, विद्युत समाधान, प्लंबिंग एवं पाइप, किचन एवं बाथ समाधान, फर्नीचर और लैमिनेट सहित आधुनिक निर्माण क्षेत्र से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा निर्माण रसायन, फेकाड एवं क्लैडिंग, स्मार्ट होम और ऑटोमेशन से संबंधित तकनीक भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं। आगंतुकों को विभिन्न कंपनियों के उत्पाद एक ही स्थान पर देखने और उनकी विशेषताओं की जानकारी लेने का अवसर मिल रहा है। वे अपनी परियोजनाओं की आवश्यकताओं के अनुसार कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत कर समाधान तलाश सकते हैं।
आयोजकों के अनुसार, आर्किटेक्स को केवल उत्पाद प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे ज्ञान साझा करने, उद्योग जगत के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने और व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने के मंच के रूप में विकसित किया गया है। वास्तुकारों और डिजाइनरों को नई निर्माण सामग्री, डिजाइन और तकनीक की जानकारी मिल रही है, जबकि बिल्डर और डेवलपर अपनी परियोजनाओं के लिए आधुनिक निर्माण समाधान तलाश रहे हैं।
प्रदर्शनी को देवभूमि आर्किटेक्चर एसोसिएशन, लघु उद्योग भारती, लघु उद्यम प्रकोष्ठ, सहारनपुर आर्किटेक्चर एसोसिएशन, मेरठ आर्किटेक्ट एसोसिएशन, यूपी आर्किटेक्ट एसोसिएशन और रिन्यूवेबल एनर्जी डेवलपमेंट एसोसिएशन सहित विभिन्न संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है। रिन्यूवेबल एनर्जी डेवलपमेंट एसोसिएशन के सहयोग से रेन्यूएक्स का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अक्षय ऊर्जा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों और समाधानों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
आयोजक माइंड्स मीडिया एंड मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के अनुसार, प्रदर्शनी का उद्देश्य देहरादून और उत्तराखंड को वास्तुकला, डिजाइन, निर्माण और संबंधित उद्योगों से जुड़े ब्रांडों एवं पेशेवरों के लिए प्रमुख व्यावसायिक और संपर्क केंद्र के रूप में विकसित करना है। प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत रहे। विशिष्ट अतिथियों में डीपी गैरोला, राहुल सक्सेना, गिरेन्द्र भारतीया, माइंड्स मीडिया के निदेशक बीएस राणा, इंदर ढींगरा, देवभूमि आर्किटेक्चर एसोसिएशन के अध्यक्ष डीके सिंह, लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष विजय सिंह तोमर और लघु उद्योग प्रकोष्ठ के राज्य समन्वयक राहुल देव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।








