पटेलनगर में किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 2 अक्टूबर । पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में किराये के कमरे में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाई गई एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक मकान में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर के नेतृत्व में गठित टीम ने एक अक्टूबर को नीलकंठ एन्क्लेव स्थित मकान में छापा मारा। पुलिस के अनुसार मौके पर तीन महिलाएं और तीन पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री और 18 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस ने बताया पूछताछ में मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था और दिल्ली से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार संचालित कर रहा था। वह फोन और वाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर महिलाओं की तस्वीरें भेजता था। ग्राहकों की मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे अथवा उनके बताए स्थान पर भेजा जाता था।
पुलिस ने बताया नाबालिग युवती को आरोपी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि यहां उस पर अनैतिक कार्य के लिए दबाव बनाया गया और इनकार करने पर उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने युवती को रेस्क्यू कर लिया।
कोतवाली पटेलनगर में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, पोक्सो अधिनियम की धारा 14(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं 3/4/5/11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुमार लखेड़ा निवासी नीलकंठ एन्क्लेव हरभजवाला, अभिषेक निवासी महावीर नगर दिल्ली, भानू उर्फ सिद्धांत निवासी बड़ोवाला देहरादून, ममता निवासी शंकरपुर पूर्वी दिल्ली, नेहा निवासी संगम विहार दिल्ली और सुमन निवासी कल्याणपुरी दिल्ली शामिल हैं। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा तेग्रवाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें