
देहरादून 11 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्त कर स्वयं उनके द्वार तक सेवाएं पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में 65 दिनों में करीब 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें पांच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। देहरादून जिले में 46 शिविरों के माध्यम से 60 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की, जबकि लगभग 39 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर मिला।उन्होंने बताया कि 4 जुलाई से चल रहे सेवा पखवाड़े के दौरान अब तक 64 हजार से अधिक नागरिक शिविरों में शामिल हो चुके हैं। प्राप्त 5,567 शिकायतों में से 4,951 का समाधान किया जा चुका है और 2,522 लोगों को विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सहसपुर शिविर में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया और विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लिया। पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं अन्य सहायता भी वितरित की गई। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून लागू करने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कारबारी ग्रांट में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, एक महिला लाभार्थी को तत्काल सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुई क्षेत्र में सड़क, नाली और जल निकासी कार्यों में तेजी लाने, भाऊवाला में श्मशान घाट निर्माण, शांति विहार में पार्क एवं ओपन जिम विकसित करने, बड़ोवाला में डिस्पेंसरी और एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा अटकफार्म व सेंट्रल होपटाउन के बंदोबस्त संबंधी समस्याओं का 15 दिन में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









