देहरादून, 25 सितम्बर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर दीनदयाल पार्क, देहरादून स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने उपाध्याय जी के विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि वे समाज के वंचित, गरीब और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए आजीवन समर्पित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की शिक्षाएं आज भी समाज को मार्गदर्शन देती हैं। उन्होंने अंत्योदय के संकल्प को राज्य सरकार की विकास नीति का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री आवास में भी धामी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बी.एल. संतोष, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक खजान दास सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
