गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने का मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 16 अगस्त। जिलाधिकारी के निर्देश पर मिली शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए खाद्य विभाग की टीम ने ग्राम सोडा सिरौली में घरेलू गैस वितरण वाहन की जांच की। जांच में वाहन से गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालने का मामला सामने आया।

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट के नेतृत्व में की गई जांच में ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर की घरेलू गैस वितरण गाड़ी में कुल 26 सिलेंडर पाए गए। इनमें से चार सिलेंडरों से करीब एक किलो से लेकर 6.5 किलो तक गैस निकाली जा चुकी थी, जबकि 22 सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए मिले।

स्थानीय लोगों ने भी वितरण कर्मियों द्वारा अवैध रूप से गैस निकालने की पुष्टि की। मौके पर गैस स्थानांतरण में इस्तेमाल किया जा रहा रिफिलर भी बरामद किया गया। वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए गैस वितरण वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया।
विभाग की ओर से संबंधित कर्मचारी जयप्रकाश पुत्र प्रेमशंकर एवं रटनेश पुत्र चंद्रपाल तथा ऑर्डिनेंस गैस सेवा, रायपुर के विरुद्ध थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बरामद सभी 26 सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से निकटवर्ती सहकारी गैस सेवा में जमा करा दिया गया है।जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से खिलवाड़ करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ आगे भी कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।जांच दल में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी संतोष भट्ट और पूर्ति सहायक विजय शामिल रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें