
देहरादून, 16 अगस्त 2026। चमोली की नीति घाटी में भारी बारिश के चलते उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए BRO के हवलदार पंकज की तलाश को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावी निर्देश दिए हैं। परिजनों की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से की गई मदद की अपील का मुख्यमंत्री ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को खोज एवं बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान पर लगातार नजर रखी जाए और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए हरसंभव प्रयास किए जाएं। सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें लगातार खोज अभियान में जुटी हैं।
हवलदार पंकज पिथौरागढ़ के निवासी हैं। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने उनके परिजनों से संवाद कर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिवार के संपर्क में है और अभियान की प्रगति की लगातार जानकारी ली जा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने फोन पर हवलदार पंकज के परिजनों से बातचीत कर उनका हाल जाना। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है और पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। परिवार को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और खोज अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं छोड़ी जाएगी।









