
सीएम धामी बोले- संगठन और सरकार मिलकर जनता के हित में कर रहे काम
हल्द्वानी, 16 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी की कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक रविवार को नैनीताल जिले की लालकुआं विधानसभा के गौलापार मंडल, चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कैडर आधारित पार्टी है और संगठन को लगातार मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकें महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार मिलकर जनता के हित में काम कर रहे हैं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है। संगठन के पदाधिकारियों से संवाद के माध्यम से जमीनी स्तर की समस्याओं और सुझावों को समझने का अवसर मिलता है। आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव, पार्टी कार्यक्रमों और रणनीति पर पदाधिकारियों से चर्चा करना है। उन्होंने जिला और मंडल अध्यक्षों से कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद कर संगठन की स्थिति, आगामी कार्ययोजना और कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर चर्चा करने तथा उनके समाधान को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की ओर से भाजपा पर दलित विरोधी होने के आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के अपमान, सनातन और महिला विरोधी रवैये तथा वोट बैंक की राजनीति को लेकर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावी हार के बावजूद कांग्रेस अपनी गलतियों से सीखने को तैयार नहीं है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए जिला एवं मंडल अध्यक्षों से इन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी संगठन लगातार विस्तार और मजबूती की दिशा में काम कर रहा है। मंडल और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। भाजपा नेतृत्व ने पदाधिकारियों को संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
बैठक में कुमाऊं संभाग के आठ जिलों के जिलाध्यक्षों के साथ 130 मंडलों के अध्यक्ष शामिल हुए। इनमें नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, काशीपुर, चंपावत, पिथौरागढ़, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर के पदाधिकारी शामिल रहे।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार मौजूद रहे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया।







