गौलापार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्यों की धामी ने की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


गुणवत्ता से समझौता नहीं, तय समय में पूरे हों सभी निर्माण कार्य : मुख्यमंत्री

देहरादून 7 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार (नैनीताल) के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान खेल विभाग की ओर से विश्वविद्यालय परिसर में विकसित की जा रही खेल अवसंरचना, शैक्षणिक भवनों, प्रशिक्षण सुविधाओं, छात्रावास, खेल विज्ञान केंद्र, अनुसंधान सुविधाओं और अन्य निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति का प्रस्तुतीकरण दिया गया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय के सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। धामी ने कहा कि यह परियोजना केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि उत्तराखंड के खेल भविष्य को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। इसलिए सभी निर्माण कार्य उच्च मानकों और दीर्घकालिक उपयोगिता को ध्यान में रखकर किए जाएं।

विश्वस्तरीय सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को खेल उत्कृष्टता के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक रणनीति पर काम कर रही है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का विकास राज्य की नई खेल नीति, खेल विजन और लिगेसी प्लान के अनुरूप किया जाए, ताकि खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं को विश्वस्तरीय अवसर मिल सकें।

उन्होंने विश्वविद्यालय में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, अंतरराष्ट्रीय मानकों के खेल मैदान, इनडोर और आउटडोर खेल परिसर, स्पोर्ट्स साइंस एवं स्पोर्ट्स मेडिसिन सुविधाएं तथा उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण केंद्र विकसित करने पर जोर दिया। साथ ही खेल प्रबंधन और अनुसंधान से जुड़ी आधुनिक व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

धामी ने कहा कि विश्वविद्यालय उत्तराखंड के युवाओं को खेल शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार का उद्देश्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि प्रदेश में खेल संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना और खेलों को शिक्षा, कौशल तथा रोजगार से जोड़ना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना की नियमित समीक्षा करने, निर्माण कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने, तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने और समयबद्ध प्रगति के लिए प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें