
देहरादून 23 जुलाई। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को प्रश्न साझा कर परीक्षा की गोपनीयता भंग की।
पुलिस के अनुसार, यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की शिकायत पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई को हुई परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल मिला था, जिसमें 3 जुलाई को सहायक प्रोफेसर द्वारा छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में महत्वपूर्ण प्रश्न साझा करने की जानकारी दी गई थी।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति ने भी पाया कि परीक्षा से पहले छात्रों के पोर्टल और व्हाट्सएप पर साझा किए गए प्रश्नों का परीक्षा के प्रश्नपत्र से काफी मेल था। जांच में सामने आया कि छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से परीक्षा की गोपनीयता भंग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमनगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 316, 318(4) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।








