
देहरादून, 12 अप्रैल।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देहरादून कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड से मां डाट काली मंदिर तक सड़क मार्ग से स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री धामी ने सुरक्षा व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देते हुए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यातायात प्रबंधन की सुव्यवस्थित योजना बनाने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।जसवंत ग्राउंड में मंच, दर्शक दीर्घा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पाण्डेय, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी सविन बंसल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।









