भीमताल में उप-तहसील बनेगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भीमताल (नैनीताल)11 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ अपलाईड साइंस में तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने भीमताल में उप-तहसील की स्थापना, ओखलकांडा के भीड़ापानी में आयुर्वेदिक चिकित्सालय, तथा विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही रामगढ़, धारी और ओखलकांडा में किसानों के लिए कृषि मंडी बनाने, लेटीबुंगा और सतबुंगा में कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने तथा ककोड़ और दाड़िम में मिनी स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने बिड़ला संस्थान में ड्रोन प्रयोगशाला की स्थापना तथा कंप्यूटर विभाग के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये की धनराशि देने की भी घोषणा की। साथ ही संस्थान के सभागार के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन और नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य प्रतिभाशाली और संकल्पवान युवाओं के सुरक्षित हाथों में है।
उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हुए कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और उचित दिशा देने की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संस्थान का प्रबंधन इसी भावना के साथ युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी की परिकल्पना के अनुरूप यह संस्थान दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान द्वारा बनाए गए अनुशासन और उत्कृष्टता की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का अवलोकन भी किया और उनकी नवाचारी सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के तहत विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग और बड़े आँकड़ों के अध्ययन जैसे आधुनिक विषय शामिल किए गए हैं। साथ ही मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाओं और परीक्षा भवनों का निर्माण भी किया जा रहा है। ने कहा कि राज्य में युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संस्थान के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें