टनकपुर में एकता पदयात्रा एवं जनपद स्तरीय सहकारिता मेले में करेंगे प्रतिभाग
चंपावत, 12 नवम्बर।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का 13 नवम्बर 2025 (गुरुवार) को जनपद चंपावत में एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री धामी अपने कार्यक्रम के तहत टनकपुर क्षेत्र में आगमन करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी अपराह्न 2:55 बजे स्टेडियम हेलीपैड, टनकपुर पहुंचेंगे। इसके पश्चात अपराह्न 3:00 बजे वे लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित एकता पदयात्रा में प्रतिभाग करेंगे। यह पदयात्रा स्टेडियम हेलीपैड से प्रारंभ होकर गांधी मैदान, टनकपुर तक निकाली जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी इसके बाद अपराह्न 3:30 बजे से सायं 5:00 बजे तक गांधी मैदान, टनकपुर में आयोजित जनपद स्तरीय सहकारिता मेला में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अवसर पर आयोजित मेले में अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के उपलक्ष्य में सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा। मेले का उद्देश्य किसानों, स्वयं सहायता समूहों एवं सहकारी संस्थाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे नवीन अवसरों, तकनीकी सहयोग एवं विपणन संभावनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।
इस आयोजन से सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा मिलने की उम्मीद है तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में यह मेला महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।







