ज्योति नूरां की प्रस्तुति से सजा लोक संवर्धन पर्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 12 जुलाई। परेड ग्राउंड में आयोजित छठे लोक संवर्धन पर्व के दूसरे दिन प्रसिद्ध बॉलीवुड एवं पंजाबी गायिका ज्योति नूरां की दमदार प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने पटाखा गुड्डी, वारी जावां, तेरा नूर और पांव की जुत्ती जैसे लोकप्रिय गीतों से समां बांध दिया। कार्यक्रम की शुरुआत उत्तराखण्ड के लोक गायक नरेश बादशाह के लोकगीतों से हुई।

महोत्सव में दिनभर बड़ी संख्या में लोगों ने 150 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉलों पर पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा वस्त्र, क्षेत्रीय उत्पाद और लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन का आनंद लिया। फूड कोर्ट में उत्तराखण्ड के पहाड़ी और कुमाऊंनी व्यंजनों के साथ देशभर के लोकप्रिय स्वाद भी आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों और वयस्कों ने चित्रकला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके परिणाम अंतिम दिन घोषित किए जाएंगे।
कारीगरों और उद्यमियों के लिए राष्ट्रीय उद्यमिता एवं लघु व्यवसाय विकास संस्थान (निसबड) ने ज्ञान सत्र आयोजित कर उद्यमिता, ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग और बाजार से जुड़ाव जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया।
विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व कारीगरों को बाजार से जोड़ने और उनकी आजीविका को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन रहा है। वहीं निगम की निदेशक दीप्ति सिंह ने कहा कि यह आयोजन शिल्प, संस्कृति और नवाचार का संगम है।
लोक संवर्धन पर्व 15 जुलाई तक प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से रात 9 बजे तक परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। प्रवेश निशुल्क है। 13 जुलाई की सांस्कृतिक संध्या में किशन महिपाल, विवेक नौटियाल और माया उपाध्याय अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें