देहरादून, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों और जनहित परियोजनाओं के लिए करीब 99 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें स्वास्थ्य, सड़क, विद्युत, पुलिस, अग्निशमन, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने रामनगर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन के लिए 3.68 करोड़ रुपये, देहरादून के धौरणखास स्थित पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र में 150 केएलडी एसटीपी प्लांट के निर्माण के लिए 2.73 करोड़ रुपये तथा बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना के लिए 9.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। रुद्रप्रयाग कोषागार भवन के अनुरक्षण एवं विद्युतीकरण के लिए 38.06 लाख रुपये भी मंजूर किए गए।
चम्पावत में ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5 करोड़ रुपये (प्रथम किश्त 2 करोड़ रुपये), डीडीहाट के लोहारगांव में संपर्क मार्ग निर्माण, जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में ओपन जिम, यमकेश्वर में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक मार्ग को ‘बीटल्स स्ट्रीट’ के रूप में विकसित करने तथा धारचूला में पैदल मार्ग निर्माण के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा लोहाघाट के डुंगरीफर्त्याल में शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण, कपकोट की सरयू वैली एवं शामा क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन, पूर्णागिरि धाम के सेलागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य तथा भीमताल क्षेत्र के कैडाकोट बुग और मौनीबाग आश्रम में धर्मशाला निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई।
मुख्यमंत्री ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के तहत गोल्डन कार्ड योजना के सुचारु संचालन और लंबित देयकों के भुगतान के लिए 75 करोड़ रुपये राज्य बजट से जारी करने को मंजूरी दी।इसके साथ ही ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़क, मोटर मार्ग और पैदल पुल निर्माण कार्यों के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.37 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भी स्वीकृत की गई। इनमें चमोली, पौड़ी और अन्य क्षेत्रों में पैदल पुल एवं सड़क सुधार के कार्य शामिल हैं।







