मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया निर्णय
देहरादून, 12 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती (राज्योत्सव) के विशेष अवसर पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य को दिए गए प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए कैबिनेट ने आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट ने अपने आभार प्रस्ताव में कहा कि राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से उत्तराखंड राज्य को सतत विकास, लोक कल्याण और नवाचार के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार का संकल्प और भी सुदृढ़ हुआ है।
मंत्रिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्राप्त इन प्रेरक संदेशों से प्रदेश के गठन के मूल उद्देश्यों की पूर्ति और सर्वांगीण विकास की दिशा में सरकार निरंतर अग्रसर रहेगी।
बैठक में मंत्रिमंडल ने राज्य के सभी कर्मचारियों, अधिकारियों और जनता से विकास यात्रा में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया, ताकि उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जा सके।







