नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में बताया कि ‘गिग वर्कर्स’ के लिए ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी जाएगी। इससे करीब 1 करोड़ गिग वर्कर्स को सीधा फायदा होगा। गिग वर्कर्स की श्रेणी में दुकान का नौकर, सेल्समैन, हेल्पर, आटो चालक, ड्राइवर, पंचर बनाने वाला, चरवाहा, डेयरी वाले, सभी पशुपालक, पेपर हाकर, डिलीवरी बाय, ईंट भठ्ठे पर काम करने वाले मजदूर आदि शामिल हैं। ये सभी लोग ई-श्रम कार्ड बनवा सकते हैं।
केंद्र सरकार की ओर से चलाए जाने वाले ई-श्रम पोर्टल पर अनआर्गेनाइज्ड सेक्टर के 30.58 करोड़ वर्कर्स रजिस्टर्ड हैं। असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए सरकार ने इस योजना को चलाया है। ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्टर गिग वर्कर्स को कई फायदे मिलते हैं। अगर किसी ई-श्रम कार्ड धारक की मौत हो जाती है, तो परिवार को दो लाख रूपये तक की आर्थिक मदद दी जाती है। वहीं किसी हादसे में विकलांग होने पर एक लाख रूपये तक की सहायता मिलती है।
गिग वर्कर्स को रजिस्ट्रेशन कैसे कराना होगा? ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन दोनों तरीके से किया जा सकता है। आनलाइन और आफलाइन। अब रजिस्ट्रेशन आनलाइन कैसे करें? eshram.gov.in वेबसाइट पर जाएं। Register on eShram बटन पर क्लिक करें।
आधार से लिंक्ड मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड डालें। पूछे गए सवाल का जवाब दें कि आप ईपीएफओ या ईएसआईसी मेंबर हैं या नहीं। सेंड ओटीपी पर क्लिक करें और मोबाइल पर आए ओटीपी को एंटर करें। फिर अपनी 14 डिजिट की आधार संख्या दर्ज करें और टीएंडसी पर टिक करें।
सबमिट पर क्लिक करने के बाद नया फार्म खुलेगा। इसमें अपनी डेट आफ बर्थ, एड्रेस, एजुकेशन और बैंक की जानकारी भरें। सारी जानकारी ध्यान से चेक करें और कनसेंट पर टिक करके सबमिट करें। आपका रजिस्ट्रेशन पूरा हो जाएगा। आप इसे डाउनलोड करके प्रिंटआउट भी ले सकते हैं।
अगर आप आनलाइन नहीं कर सकते तो आफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए नजदीकी सीएससी (कामन सर्विस सेंटर) पर जाएं। अपना आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और बैंक खाते की कापी साथ ले जाएं। सीएससी संचालक आपका पंजीकरण ई-श्रम पोर्टल पर कर देगा।









