**मुख्यमंत्री धामी ने उचित निर्णय लेने का दिया आश्वासन, आयोग अध्यक्ष बलजीत सोनी ने की मुलाकात**
देहरादून 28 नवंबर। उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के नामित सदस्यों का मासिक मानदेय छह हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किए जाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रस्ताव रखा। मुख्यमंत्री ने इस पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
बलजीत सोनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि आयोग के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण, जनसुनवाई, बैठकों और निरीक्षण के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके साथ ही वे समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक हितों के संरक्षण तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए भी कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में आयोग के सदस्यों को मात्र छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो उनके कार्यों और जिम्मेदारियों को देखते हुए काफी कम है। जबकि उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग सहित अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के नामित सदस्यों का मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह किया जा चुका है।
सोनी ने समान कार्य और दायित्वों के आधार पर उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों का मानदेय भी 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 16 नवंबर को भी मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया था। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द उचित निर्णय लेने का भरोसा दिलाया।







