आवासीय भवनों में आग लगने की घटना अब आपदा मानी जाएगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आपदा प्रबंधन दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने की चार महत्वपूर्ण घोषणाएं, बचाव कार्यों में मदद करने वाले नागरिक भी होंगे सम्मानित

देहरादून 27 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा की श्रेणी में शामिल करने की घोषणा की है। ऐसी घटनाओं से प्रभावित लोगों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुरूप राहत राशि दी जाएगी। इसके साथ ही आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सरकार पुरस्कृत करेगी।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ये घोषणाएं कीं। उन्होंने प्रदेश में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कर्मियों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आम लोगों को आपदाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को आपदा से बचाव के लिए तैयार किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रदेश को विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनजागरूकता बढ़ाने के साथ ही प्रत्येक स्तर पर पूर्व तैयारियां मजबूत करना जरूरी है। आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया और प्रभावितों तक समय पर राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

सिलक्यारा अभियान बना साहस और समन्वय की मिसाल

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि 12 नवंबर 2023 को दीपावली के दिन उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न एजेंसियों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। करीब 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस अभियान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का भी सहयोग लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूकंप की दृष्टि से उत्तराखंड बेहद संवेदनशील है। इसलिए भूकंप से बचाव के लिए भी नियमित रूप से अभ्यास किए जाने चाहिए।

आपदा प्रबंधन पुस्तिका का विमोचन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन किया।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्रदेश में आपदा प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 133 त्वरित प्रतिक्रिया दल गठित किए गए हैं, जिनमें 2250 सदस्य शामिल हैं। भूकंप की पूर्व चेतावनी के लिए 169 संवेदक और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, खजान दास, प्रदीप बत्रा और भरत सिंह चौधरी सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम से प्रदेश के सभी जिलाधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Leave a Comment

और पढ़ें