भारत-मलेशिया संयुक्त सैन्य अभ्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दोनों देशों के 240 सैनिक ले रहे हिस्सा, आतंकवाद रोधी अभियान और ड्रोन तकनीक पर रहेगा विशेष जोर

देहरादून 20 नवंबर। भारत और मलेशिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘हरिमऊ शक्ति’ का छठा संस्करण गुरुवार को मलेशिया के इपोह में शुरू हो गया। यह अभ्यास 19 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसमें दोनों देशों के 120-120 सैनिक हिस्सा ले रहे हैं।

इस संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के अध्याय सात के तहत आतंकवाद रोधी अभियानों सहित विभिन्न सैन्य गतिविधियों में दोनों सेनाओं के बीच तालमेल और कार्यक्षमता बढ़ाना है। अभ्यास में जंगल और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाने, सामरिक योजना बनाने और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभ्यास के दौरान दोनों देशों की सेनाएं एक-दूसरे की कार्यप्रणाली और सैन्य अनुभवों को साझा करेंगी। इसके बाद संयुक्त सैन्य अभ्यास किए जाएंगे। इनमें संयुक्त कमान केंद्र और निगरानी केंद्र स्थापित करना, आतंकवाद रोधी अभियान, छापेमारी, घेराबंदी एवं तलाशी अभियान तथा युद्धक इंजीनियरिंग से जुड़े अभ्यास शामिल हैं।

इस बार अभ्यास में मानव रहित हवाई प्रणालियों (ड्रोन) के माध्यम से निगरानी और टोही गतिविधियों पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही दुश्मन के ड्रोन का पता लगाने और उन्हें निष्क्रिय करने की तकनीकों का भी अभ्यास किया जाएगा।
अभ्यास के अंतिम चरण में संयुक्त सत्यापन अभ्यास आयोजित होगा। इसमें आतंकवाद रोधी अभियान का कृत्रिम परिदृश्य तैयार कर जमीनी कार्रवाई, निगरानी और आधुनिक मानवरहित प्रणालियों के समन्वित इस्तेमाल का प्रदर्शन किया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ‘हरिमऊ शक्ति-VI’ दोनों देशों की सेनाओं को अपनी रणनीतियों, तकनीकों और अनुभवों को साझा करने का अवसर देगा। इससे भारत और मलेशिया के बीच रक्षा सहयोग मजबूत होने के साथ क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें