
गोवा 21 नवंबर। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (आईएफएफआई)-2026 के तहत वेव्स फिल्म बाजार में उत्तराखंड का पवेलियन देशी-विदेशी फिल्मकारों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पहुंच रहे फिल्म निर्देशक, निर्माता और फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि प्रदेश की फिल्म नीति और प्राकृतिक शूटिंग स्थलों में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।
शनिवार को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश की फिल्म नीति की सराहना करते हुए इसे देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतरीन बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग के लिए शानदार प्राकृतिक स्थल उपलब्ध हैं। साथ ही फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और फिल्मकारों को सुविधाएं देने के लिए राज्य सरकार के प्रयास भी सराहनीय हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 को फिल्म बाजार में पहुंच रहे देश-विदेश के फिल्मकारों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्मकार नीति के प्रावधानों, शूटिंग सुविधाओं और सरकार की ओर से दिए जा रहे प्रोत्साहनों की जानकारी ले रहे हैं।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी केएस चौहान ने कहा कि पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया प्रदेश के लिए उत्साहजनक है। इससे उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को नए आयाम मिलेंगे। परिषद का उद्देश्य प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा फिल्म पर्यटन के माध्यम से स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।
इस अवसर पर परिषद के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पांडेय भी मौजूद रहे।








