सल्ट में प्रत्याशी चयन में अनियमितता का आरोप, यूकेडी छोड़ यूकेडी डेमोक्रेटिक में शामिल हुए बीरेंद्र बंगारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

2027 विधानसभा चुनाव में सल्ट से होंगे यूकेडी डेमोक्रेटिक के प्रत्याशी, क्षेत्रीय दलों को एक मंच पर लाने की कवायद तेज

देहरादून 20 नवंबर। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) में सल्ट विधानसभा सीट पर प्रत्याशी चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितता और धोखाधड़ी से नाराज होकर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष बीरेंद्र बंगारी ने दल छोड़ दिया है। वह उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक में शामिल हो गए हैं। पार्टी ने उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में सल्ट सीट से अपना प्रत्याशी भी घोषित किया है।

इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीरेंद्र बंगारी और उनके साथियों ने यूकेडी के शीर्ष नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विचारधारा को मजबूत करने की उम्मीद के साथ यूकेडी से जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं और जनता के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। बंगारी यूकेडी की सर्वोच्च सलाहकार समिति के सदस्य भी रहे हैं।

इस दौरान यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष महेश उपाध्याय, हंसादत्त बेलवाल, केंद्रीय प्रचार मंत्री बिशन सिंह नेगी, विशेष आमंत्रित सदस्य सूर्यप्रकाश पुरोहित और केंद्रीय संरक्षक सहित अन्य साथियों के भी यूकेडी डेमोक्रेटिक के साथ आने की जानकारी दी गई।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस (यूडीए) के तहत क्षेत्रीय दलों के बीच चुनावी तालमेल की जानकारी भी दी गई। गठबंधन की ओर से अब तक घोषित प्रत्याशियों में राज्य स्वराज पार्टी के बॉबी पंवार को चकराता, त्रिभुवन चौहान को केदारनाथ और भूपेंद्र कोरंगा को कपकोट से प्रत्याशी बताया गया।

यूकेडी डेमोक्रेटिक के प्रतिनिधियों ने कहा कि हिमालयन क्रांति पार्टी, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी, उत्तराखंड समानता पार्टी सहित अन्य क्षेत्रीय दलों, संगठनों और निर्दलीय प्रत्याशियों के साथ भी बातचीत की जा रही है। उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रत्येक सीट पर क्षेत्रीय विचारधारा का एक साझा प्रत्याशी उतारना है, ताकि राष्ट्रीय दलों को चुनौती दी जा सके।

यूकेडी डेमोक्रेटिक के बलवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले तक क्षेत्रीय दलों के बीच सहमति बनाने के लिए अंतिम प्रयास जारी रहेंगे। गठबंधन का प्रयास है कि आपसी मतभेदों को दूर कर एकजुट होकर चुनाव लड़ा जाए, जिससे क्षेत्रीय दलों के प्रत्याशियों की जीत की संभावनाएं मजबूत हो सकें।

Leave a Comment

और पढ़ें