जीडब्ल्यूआईटी में कंप्यूटर विज्ञान के शोध अवसरों पर हुआ मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 21 नवंबर।। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के घटक संस्थान गवर्नमेंट वुमेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (जीडब्ल्यूआईटी), देहरादून में शनिवार को एसीएम रिसर्च अपॉर्चुनिटीज इन कंप्यूटर साइंस (आरओसीएस) कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को कंप्यूटर विज्ञान के क्षेत्र में शोध के अवसरों, उभरती तकनीकों और शैक्षणिक करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर और संस्थान के निदेशक डॉ. शरद कुमार प्रधान मौजूद रहे। विश्वविद्यालय के वित्त नियंत्रक बिक्रम सिंह जंतवाल, कुलसचिव डॉ. आयुष जोशी और उपकुलसचिव नरेंद्र लाल ने भी प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में आईआईटी रोपड़ के प्रोफेसर डॉ. पुनीत गोयल, आईआईटी रुड़की के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुदीप रॉय तथा आईआईटी मंडी की सहायक प्रोफेसर डॉ. रिया टपवाल और डॉ. प्रतीक विश्नोई ने तकनीकी सत्रों में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कंप्यूटर विज्ञान में शोध की नई प्रवृत्तियों, उच्च शिक्षा और शैक्षणिक करियर के अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि शोध आधारित शिक्षा और विभिन्न विषयों के समन्वय से होने वाला नवाचार तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम में तुलाज, शिवालिक, जेबीआईटी और जीआरडी सहित देहरादून के विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम का संयोजन जीडब्ल्यूआईटी के डॉ. अंकुर दुमका और दिव्यांशु चंद्रा ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही।

Leave a Comment

और पढ़ें