विजय जोशी के नाबाद अर्धशतक से थंडर्स की जीत, ब्लास्टर्स ने भी मारी बाजी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में खेले गए दो मुकाबले, उत्कर्ष बिष्ट और शिवेश शर्मा का भी शानदार प्रदर्शन

देहरादून 12 नवंबर ।उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए दो लीग मुकाबलों में दून थंडर्स और दून ब्लास्टर्स ने जीत दर्ज की। दून थंडर्स ने दून स्ट्राइकर्स को आठ विकेट से हराया, जबकि दून ब्लास्टर्स ने दून सुपर टाइटंस को 31 रन से शिकस्त दी।

पहले मुकाबले में दून ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 132 रन बनाए। उत्कर्ष बिष्ट ने 34, कप्तान शिवेश शर्मा ने 29 और हर्ष उनियाल ने 20 रन का योगदान दिया। दून सुपर टाइटंस की ओर से प्रकाश भंडारी ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर टाइटंस की टीम 18.1 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। अभिषेक मिश्रा ने 16 और विकास गुसाईं ने 13 रन बनाए। ब्लास्टर्स की ओर से शिवेश शर्मा और उत्कर्ष बिष्ट ने तीन-तीन विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। हिमांशु बरमोला ने दो विकेट हासिल किए।

दूसरे मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 141 रन बनाए। सोबन गुसाईं ने 58 गेंदों में नाबाद 65 रन की पारी खेली। सुमन ने 17 और उपेंद्र राणा ने 15 रन बनाए। दून थंडर्स की ओर से मनोज ने तीन और मनमोहन पंवार ने दो विकेट लिए।
जवाब में दून थंडर्स ने 17.5 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विजय जोशी ने नाबाद 70 रन की शानदार पारी खेली, जबकि दीपक पुरोहित ने 33 और कप्तान ठाकुर नेगी ने नाबाद 18 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल और पूर्व महामंत्री सुरेंद्र डसीला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें