
**मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना की पहली किश्त दिसंबर के प्रथम सप्ताह में होगी जारी, मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना जल्द कैबिनेट में लाई जाएगी**
देहरादून, 12 नवंबर। नंदा गौरा योजना के लाभ से वंचित रह गई पात्र बालिकाओं को सरकार एक और मौका देने जा रही है। इसके लिए जल्द ही विज्ञप्ति जारी की जाएगी। पात्र बालिकाएं 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी। यह जानकारी महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान दी।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नंदा गौरा योजना से वंचित पात्र बालिकाओं तक सूचना पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी पात्र बेटी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए रेखा आर्या ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक पात्र लाभार्थियों को योजना की पहली किश्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और पात्र महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना शुरू की जाएगी। मंत्री ने बताया कि योजना का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और फिलहाल वित्त विभाग के स्तर पर लंबित है। जल्द ही इसे कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इससे प्रदेश के बच्चों के कल्याण और बेहतर भविष्य के लिए नई पहल शुरू हो सकेगी।
रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना है।
बैठक में सचिव चंद्रेश कुमार यादव, अपर सचिव कर्मेंद्र सिंह, निदेशक बंशीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, सीपीओ अंजना गुप्ता, राज्य परियोजना अधिकारी मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







