जौनपुर महोत्सव का मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय, धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग समेत कई विकास कार्यों की घोषणा

देहरादून 12 नवंबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी जिले के थत्यूड़ में नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र को 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग निर्माण को स्वीकृति देने तथा जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 2.73 करोड़ रुपये और भवन बाजार के आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनपुर महोत्सव हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ती है। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों के माध्यम से साहसिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए छह करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य पूरे किए गए हैं। वहीं, 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का काम भी पूरा हो चुका है। कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसर मिलें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब, अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम में ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद कर लोकभाषा एवं साहित्य के संरक्षण में योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। इनके विकास से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

इस अवसर पर राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें