गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीजर लॉन्च

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी बोले- ढोल वादकों के संघर्ष, सम्मान और अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता जगाएगी फिल्म

देहरादून 12 नवंबर ।राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘ढोली’ का टीजर गुरुवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र के सभागार में लॉन्च किया गया। इस दौरान फिल्म से जुड़े कलाकारों, साहित्यकारों और संस्कृति प्रेमियों ने फिल्म को गढ़वाली सिनेमा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। फिल्म 27 नवंबर से सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि आधुनिक समय में फिल्में जनमानस तक अपनी बात पहुंचाने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। क्षेत्रीय भाषाओं का सिनेमा न केवल भाषा और संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि लोककला, नृत्य, गीत, वेशभूषा और पर्यटन को भी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में पहली बार किसी फीचर फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का सम्मान है। फिल्म के माध्यम से ढोल वादकों के संघर्ष, उनकी महत्ता और अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ेगी।

मुख्य अतिथि डॉ. केपी जोशी ने कहा कि ढोल उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा का केंद्र है, लेकिन समाज में ढोल वादकों को अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाया है। इस कला के संरक्षण के साथ कलाकारों को उचित पारिश्रमिक और सामाजिक सम्मान दिया जाना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि प्रेम हिन्डवाल ने ढोल वादन से जुड़े सामाजिक संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने फिल्म के कलाकारों को ढोल का प्रशिक्षण दिया है और फिल्म में नायक जमनदास के गुरु की भूमिका भी निभाई है। दून पुस्तकालय के अध्यक्ष प्रो. बीके जोशी ने फिल्म को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना बड़ी उपलब्धि बताया। कवि, संपादक एवं अभिनेता मदन डुकलान ने इसे गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया।

इस अवसर पर फिल्म के नायक मोहित घिल्डियाल, डॉ. राकेश भट्ट और रमेश नौडियाल ने भी अपने अनुभव साझा किए।

उल्लेखनीय है कि गढ़वाली भाषा की फिल्म ‘ढोली’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। गढ़वाली सिनेमा के 43 साल के इतिहास में पहली बार किसी फीचर फिल्म को यह सम्मान मिला है। फिल्म के निर्माता सुनील नायक हैं, जबकि निर्देशन हिंदी और मराठी फिल्मों के चर्चित निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने किया है। फिल्म का संगीत नरेंद्र सिंह नेगी ने तैयार किया है और कहानी व गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं।

कार्यक्रम में सुनील बडोनी, आलोक मलासी, दिनेश बौड़ाई, रमेश रावत, भानु जोशी, सचिन रावत, बीना बेंजवाल, रमाकांत बेंजवाल, चंद्रशेखर तिवारी, सुंदर सिंह बिष्ट, मोहन प्रसाद डिमरी, डीके पांडे, पंकज नैथानी सहित फिल्म के कलाकार जसपाल राणा, सोनिया नौडियाल गैरोला, अतुल रावत, सुनील सिंह और तन्मय लोहानी मौजूद रहे। संचालन सुनील सिंह और सोनिया गैरोला ने संयुक्त रूप से किया।

Leave a Comment

और पढ़ें