
हरिद्वार 12 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गौसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि संस्था ने वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से अपनी शुरुआत की थी। आज पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा की जा रही है। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एंबुलेंस अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचा चुकी हैं।
धामी ने कहा कि प्रदेश में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है। ग्राम स्तर पर गौसेवा को मजबूत करने के लिए ग्राम्य गोसेवक योजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। वहीं, शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं के आधुनिकीकरण, देसी नस्लों के संवर्धन और गौ आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। बद्री गाय के घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। चमोली जिले में ऐसे तीन केंद्र संचालित हैं, जिनसे स्थानीय पशुपालकों और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए केवल गौशालाएं बनाना पर्याप्त नहीं है। गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना होगा। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि गौसेवा सरकार के साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कुंभ को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सड़क, पुल, संपर्क मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








