
हर वार्ड और ब्लॉक तक पहुंचेगा अभियान, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
देहरादून 12 नवंबर। प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री और मंत्रियों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून की ओर से शुरू किए गए इस अभियान के जरिए सरकार पर भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और जनविरोधी नीतियों के आरोप लगाते हुए जनता को लामबंद किया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर कांग्रेस की प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोपों से घिरी हुई है। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम जनता परेशान है। कांग्रेस जनता के अधिकारों और प्रदेश के भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को जोड़कर सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई जाएगी।
कांग्रेस के महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्थाओं को लेकर जनता में आक्रोश है। सरकार बुनियादी सवालों का जवाब देने के बजाय अपनी विफलताओं को छिपाने में लगी है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है। हस्ताक्षर अभियान को महानगर के प्रत्येक वार्ड, ब्लॉक और मंडल तक पहुंचाया जाएगा। इसके जरिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, अमरजीत सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार, नवीन जोशी, प्रतिमा सिंह, गरिमा धसौनी, लालचंद शर्मा, अमरेंद्र बिष्ट, दिनेश कौशल, अभिनव थापर, विनोद चौहान, विजय चौहान, दीप वोहरा, ललित बद्री, महेश जोशी, वीरेंद्र पंवार, गुल मोहम्मद, इल्लास अंसारी और सूरज छेत्री सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







