हरिद्वार में हटाए जा रहे अनुपयोगी विद्युत पोल, यातायात होगा सुगम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


भगत सिंह चौक से शंकराचार्य चौक तक 15 पोल हटाए, केबल और तार भी हटाए जा रहे

हरिद्वार 19 अक्टूबर। शहर को सुंदर, सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अनुपयोगी विद्युत पोल हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विद्युत विभाग की टीम ने भगत सिंह चौक से शंकराचार्य चौक तक सड़क किनारे लगे करीब 15 अनुपयोगी विद्युत पोल हटा दिए हैं। इन पोलों पर विभिन्न कंपनियों और केबल ऑपरेटरों द्वारा लगाए गए अनावश्यक तार और केबल भी हटाए जा रहे हैं।

अधिशासी अभियंता विद्युत दीपक सैनी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर शहर के विभिन्न मार्गों पर ऐसे विद्युत पोल चिह्नित किए जा रहे हैं, जो वर्तमान में उपयोग में नहीं हैं और यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। चिह्नित पोलों को आवश्यकतानुसार हटाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कई अनुपयोगी पोलों पर निजी कंपनियों और केबल ऑपरेटरों के तार और केबल लगे होने से सड़क किनारे अव्यवस्था बनी हुई थी। पोल हटाने के साथ ही इन अनावश्यक तारों को भी हटाया जा रहा है, जिससे सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त किया जा सके।

जिला प्रशासन के अनुसार इस कार्रवाई से प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक अवरोध कम होंगे और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सुंदरता एवं सुव्यवस्था में भी सुधार होगा। प्रशासन ने ऐसे अन्य स्थानों को भी चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं, जहां अनुपयोगी विद्युत पोल यातायात में बाधा बन रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें