1.37 करोड़ से बने देवभूमि रजत जयंती नागार्जुन पार्क का लोकार्पण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत, 18 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत में 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती नागार्जुन पार्क का लोकार्पण किया। पार्क के शुरू होने से बच्चों के खेलकूद और मनोरंजन के साथ स्थानीय नागरिकों को सैर, विश्राम और पारिवारिक समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के तहत जिले में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ लोगों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पार्क नगर के सौंदर्यीकरण के साथ बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।

लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्क में मौजूद बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें चॉकलेट वितरित की। बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के साथ उत्साहपूर्वक बातचीत की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।

पार्क के विकसित होने से बच्चों को खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिलेगा। वहीं नागरिकों को सैर और आपसी मेलजोल के लिए स्थान उपलब्ध होगा। सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार से स्वस्थ जीवनशैली और सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महाराना और मनोज कालाकोटी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चन्द्र पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, शंकर दत्त पाण्डेय, केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट, नगर पालिका के नामित सदस्य गौरव पाण्डेय, सभासद, उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी सहित अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें