बार एसोसिएशन में अधिवक्ता चैम्बर और ई-लाइब्रेरी बनेगी: मुख्यमंत्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


चम्पावत, 18 अक्टूबर 18 अक्टूबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जिला बार एसोसिएशन चम्पावत के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए न्याय और जनहित के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर निर्माण, सुगम वाहन पार्किंग और आधुनिक डिजिटल पुस्तकालय (ई-लाइब्रेरी) स्थापित करने की घोषणा की। इन सुविधाओं से अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण के साथ विधिक अध्ययन और संदर्भ सामग्री तक डिजिटल पहुंच मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिकों को न्याय दिलाने, उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करने तथा समाज में न्याय और समानता की भावना मजबूत करने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि विधिक जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने में भी अधिवक्ता सक्रिय योगदान देते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए न्यायिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिवक्ताओं के सहयोग और सकारात्मक सुझावों से न्याय व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं के हितों के संरक्षण के साथ न्यायिक व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिवक्ता नागरिकों को न्याय दिलाने के साथ समाज में कानून के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ाने का कार्य करते हैं।

समारोह में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भास्कर मुरारी, सचिव गुणानन्द थ्वाल, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, उपसचिव मनीषा उप्रेती, कोषाध्यक्ष सुधीर चतुर्वेदी, अधिवक्ता गौरव पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें