चम्पावत को 96 करोड़ की 16 विकास योजनाओं की सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत 18 अक्टूबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत को करीब 96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने नवनिर्मित सर्किट हाउस और 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की लागत की 16 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर जनसुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए अगले 25 से 50 वर्षों की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत विभिन्न सड़कों के सुधार के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस अड्डे से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा।

उन्होंने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये का जल निकासी योजना तैयार की गई है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रत्येक ग्राम सभा को 10 लाख रुपये

मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस राशि से ग्राम सभाएं अपनी जरूरत के अनुसार पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन समेत अन्य जनहित के कार्य करा सकेंगी। उन्होंने न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए पर्यटन, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं।

अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर और ई-पुस्तकालय

जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-पुस्तकालय की स्थापना की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया तथा उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

चम्पावत पहुंचने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री को पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें