धामी से अक्षय कुमार ने की शिष्टाचार भेंट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग की संभावनाओं पर हुई चर्चा

देहरादून 18 अक्टूबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के उपायों पर चर्चा हुई।

अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थलों के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माताओं को एकल खिड़की व्यवस्था के माध्यम से शूटिंग की अनुमति समेत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को प्रोत्साहित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हों। फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन, होटल, परिवहन और अन्य स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बड़े फिल्म प्रोजेक्टों की शूटिंग से उत्तराखंड की पहचान एक प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थल के रूप में और मजबूत हो रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें