
देहरादून 17 अक्टूबर। इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), उत्तराखंड राज्य केंद्र, देहरादून की 24वीं वार्षिक आम सभा शनिवार को उत्तराखंड राज्य केंद्र में संपन्न हुई। सभा में केंद्र के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी समिति के सदस्यों और अभियंताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्र के अध्यक्ष ई. चंद्र प्रकाश शर्मा ने की। मानद सचिव ई. हिमांशु अवस्थी ने सत्र 2025-26 के दौरान केंद्र की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान तकनीकी कार्यक्रमों, अभियंताओं के व्यावसायिक विकास तथा इंजीनियरिंग क्षेत्र में ज्ञान-विज्ञान के प्रसार से संबंधित कार्यों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में संस्थान के मेंटर एवं पूर्व अध्यक्ष ई. नरेंद्र सिंह तथा वित्त समिति के संयोजक ई. एस. पी. एस. राघव मौजूद रहे। कार्यकारिणी समिति की सदस्य एवं ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की सहायक प्रोफेसर ई. गरिमा शर्मा ने तकनीकी विषय पर अपने विचार रखे।
इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स की सिविल इंजीनियरिंग प्रयोगशाला के निदेशक ई. मुकेश मोहन ने प्रयोगशाला की गतिविधियों, कार्यप्रणाली और तकनीकी परीक्षण सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने इंजीनियरिंग क्षेत्र में प्रयोगशाला की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
वार्षिक आम सभा में केंद्र की प्रगति, वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों तथा आगामी सत्र की तकनीकी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया गया। अभियंताओं ने तकनीकी ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार और इंजीनियरिंग पेशे में उत्कृष्टता के साथ समाज के विकास में अभियंताओं की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन मानद सचिव ई. हिमांशु अवस्थी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।






