देहरादून 17 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के साथ ही अतिवृष्टि एवं भू-स्खलन से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है।
जनपद देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 86, सेवलाकलां स्थित संसारी माता मंदिर के जीर्णोद्धार के अवशेष कार्य के लिए 49.95 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं, पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के गराली में पुलिया निर्माण के लिए 58.14 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 34.88 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी जिले की नगर पंचायत नौगांव के वार्ड संख्या सात सौली में अतिवृष्टि एवं भू-स्खलन से प्रभावित पांच परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराये के भवनों में रखने के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रभावित परिवारों को प्रतिमाह चार हजार रुपये की दर से छह माह तक किराये का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए कुल 1.20 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।







