
देहरादून 17 अक्टूबर। मित्रलोक कॉलोनी स्थित सर सैयद पब्लिक स्कूल का 25वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पदक देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई हथियार नहीं है। उन्होंने कहा, “सरस्वती के भंडार की बढ़ी अनुपम बात, ज्यों-ज्यों खर्चे त्यों-त्यों बढ़े, बिन खर्चे घट जात।” शिक्षा का ज्ञान जितना बांटा जाता है, उतना ही बढ़ता है। शिक्षित और विद्वान व्यक्ति हर स्थान पर सम्मानित होता है।
उन्होंने स्कूल की संचालिका रियासत हसन को 25वें स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद वह जिस तरह शिक्षण संस्थान का संचालन कर रही हैं और वंचित तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रही हैं, वह सराहनीय है।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मंजू त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान समय में जब शिक्षा को भी व्यापार बना दिया गया है, ऐसे दौर में सर सैयद पब्लिक स्कूल शिक्षा को एक मिशन के रूप में आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
समारोह में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि सूर्यकांत धस्माना ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और पदक पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों के साथ ही प्रमोद गुप्ता, सरदार जेएस चुग सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।






